न्यूजीलैंड सीरीज से पहले शेफील्ड शील्ड में लौटेंगे ऑस्ट्रेलिया के 11 टेस्ट सितारे

स्मिथ, ग्रीन, केरी और इंग्लिस पांचवें दौर में खेलेंगे, लाबुशेन समेत पांच खिलाड़ी चौथे दौर में उतरेंगे;

मेलबर्न, 09 नवंबर (हि.स.)।न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए ऑस्ट्रेलिया के 11 प्रमुख टेस्ट खिलाड़ी अगले एक महीने में अलग-अलग चरणों में शेफील्ड शील्ड क्रिकेट में वापसी करेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा इस सप्ताह शेफील्ड शील्ड के चौथे दौर के मुकाबले समाप्त होने के बाद की जाएगी।

ऑस्ट्रेलिया की चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने सोमवार को बताया कि कूपर कोनोली, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस और अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ शेफील्ड शील्ड के पांचवें दौर में अपनी-अपनी राज्य टीमों की ओर से खेलेंगे। वहीं, मार्नस लाबुशेन, माइकल नेसर, मैट कुहनेमन, ब्यू वेबस्टर और नाथन लियोन चौथे दौर में मैदान पर उतरेंगे।

बेली ने कहा, “मार्नस, माइकल नेसर, मैट कुहनेमन, ब्यू वेबस्टर और नाथन लियोन शेफील्ड शील्ड के चौथे दौर में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। एलेक्स कैरी और स्टीव स्मिथ पांचवें दौर में टीम से जुड़ेंगे। कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस भी पांचवें दौर में खेलेंगे। वे स्पष्ट रूप से टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रहे हैं। स्कॉट बोलैंड के पांचवें दौर में खेलने की पुष्टि होना अभी बाकी है।”

बेली ने इससे पहले स्पष्ट किया था कि लाबुशेन को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए चयन के दायरे में नहीं रखा जाएगा। उनके पूरी सीरीज से बाहर रहने की भी संभावना है।

बुधवार से शुरू होगा चौथा दौर

शेफील्ड शील्ड का चौथा दौर बुधवार से शुरू होगा। इसमें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर विक्टोरिया और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, न्यू साउथ वेल्स की टीम साउथ ऑस्ट्रेलिया और क्वींसलैंड की टीम तस्मानिया से भिड़ेगी।

पांचवें दौर के मुकाबले 22 नवंबर से शुरू होंगे। इस दौर में पुरानी प्रतिद्वंद्वी न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले का खास आकर्षण अच्छे दोस्त स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के बीच होने वाली संभावित भिड़ंत होगी।

हेड और रेनशॉ की वापसी पर फैसला नहीं

साउथ ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड और क्वींसलैंड के उनके नए सलामी जोड़ीदार मैथ्यू रेनशॉ की शेफील्ड शील्ड में वापसी की तारीख अभी तय नहीं हुई है। बेली ने संकेत दिया कि न्यूजीलैंड के बाद लगातार होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए इन दोनों खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया को सीधे भारत का पांच टेस्ट मैचों का दौरा करना है। इसके बाद मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक 150वीं वर्षगांठ का टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा।

न्यूयॉर्क में चोट से उबर रहे हैं स्मिथ

स्टीव स्मिथ दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाद अपनी गर्दन की चोट से उबरने के लिए न्यूयॉर्क में समय बिता रहे हैं। इसी चोट के कारण वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। बेली ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद ही स्मिथ को चिकित्सकीय रूप से खेलने की मंजूरी दी जाएगी। उनके नवंबर के मध्य में स्वदेश लौटने की उम्मीद है।

बेली ने कहा, “मैं न्यूयॉर्क में उनसे बात कर रहा था। वहां उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुलाकात की है। दक्षिण अफ्रीका में उन्हें जो परेशानी हो रही थी, उसके संभावित कारणों का पता लगाने की दिशा में भी कुछ प्रगति हुई है। उम्मीद है कि यह सुधार जारी रहेगा और उनकी स्थिति सही दिशा में आगे बढ़ेगी। उनकी योजना लगभग 14 या 15 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया लौटने की है। इसके बाद वह शेफील्ड शील्ड के पांचवें दौर में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड को मिलेगा आराम

ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को फिलहाल आराम दिया जाता रहेगा। तीनों गेंदबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की तैयारियों के मद्देनजर शेफील्ड शील्ड में नहीं खेलेंगे।

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 9 दिसंबर से पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का चयन शेफील्ड शील्ड के चौथे दौर के मुकाबलों के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply