सिडनी, 06 नवंबर (हि.स.)।ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइक हसी इस महीने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से राष्ट्रीय टीम के साथ सलाहकार कोच के रूप में जुड़ेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। हसी अगले साल होने वाली एशेज सीरीज और दक्षिणी अफ्रीका में आयोजित होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए भी टीम के सलाहकार कोच की भूमिका निभाएंगे।
51 वर्षीय हसी को वर्ष 2028 में होने वाले दो बड़े आयोजनों- लॉस एंजिल्स ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में प्रस्तावित टी20 विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टीम का टी20 सलाहकार भी नियुक्त किया गया है। इस भूमिका में वह अभियान की रणनीति तैयार करने, विरोधी टीमों की जानकारी जुटाने, खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने और प्रदर्शन से जुड़े मामलों में विशेषज्ञ सलाह देंगे।
हसी लगभग तुरंत अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। वह इंग्लैंड के खिलाफ इस महीने के अंत में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के साथ इस घरेलू सत्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम को कोचिंग सहयोग देंगे। वह पिछले कुछ वर्षों में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ इसी तरह की जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पिछले तीन वर्षों में इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पर्थ में टीम के अभ्यास सत्र में भी वह शामिल हुए थे।
वर्ष 2016 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद हसी ने कोचिंग के क्षेत्र में व्यापक अनुभव हासिल किया है। वह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीमों के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं। वर्ष 2022 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड की टीम में वह मैथ्यू मॉट के कोचिंग पैनल के सदस्य थे। इसके अलावा वह स्टीफन फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स के लंबे समय तक बल्लेबाजी कोच रहे और इस वर्ष द हंड्रेड में वेल्श फायर के मुख्य कोच की भूमिका निभाई।
हसी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ अधिक औपचारिक और महत्वपूर्ण भूमिका में जुड़ना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा, “इस टीम ने हाल के वर्षों में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले रोमांचक और चुनौतीपूर्ण दौर में मैं कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी योगदान दे सकूंगा।”
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने हसी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि वह पहले भी टीम के कोचिंग स्टाफ के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। उनका अनुभव और कौशल मौजूदा कोचों तथा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी होगा। मैकडोनाल्ड ने कहा कि कई प्रारूपों, प्रतियोगिताओं और देशों में खिलाड़ी तथा कोच के रूप में हसी की विशेषज्ञता के साथ उनके व्यक्तिगत गुण भी टीम के लिए अहम हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय टीमों के महाप्रबंधक बेन ओलिवर ने बताया कि टी20 सलाहकार के तौर पर हसी अभियान की रणनीति, विरोधी टीमों के विश्लेषण, खिलाड़ियों की तलाश और प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी विशेषज्ञता देंगे।
हसी ने 2005 से 2013 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 302 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वह 2007 में एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम और 2006-07 में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में 5-0 की जीत दर्ज करने वाली टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 79 टेस्ट मैचों में 51 से अधिक की औसत से रन बनाए।
टी20 विश्व कप 2010 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 24 गेंदों में नाबाद 60 रन की पारी आज भी यादगार मानी जाती है। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मुश्किल स्थिति से वापसी करते हुए मुकाबला जीत लिया था।
ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड एकदिवसीय सीरीज का कार्यक्रम
पहला एकदिवसीय मैच : 13 नवंबर, पर्थ स्टेडियम।
दूसरा एकदिवसीय मैच : 15 नवंबर, एडिलेड ओवल।
तीसरा एकदिवसीय मैच : 18 नवंबर, बेलेरिव ओवल, होबार्ट
