उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य ने देशवासियों को धनतेरस की दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 06 नवम्बर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को देशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं दी।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा, “आप सभी को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि की कृपा से सभी के जीवन में सुख, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। आप सभी के मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है। उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक साझा करते हुए लिखा, नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्। लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान धन्वंतरि की कृपा से सभी को उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु प्राप्त हो तथा माँ लक्ष्मी के आशीर्वाद से प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। आइए, इस धनतेरस पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक उन्नति को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवान श्री धन्वंतरि एवं माँ लक्ष्मी की असीम कृपा से सभी के जीवन में आरोग्य, सुख, शांति और समृद्धि का वास हो तथा खुशहाली और सौभाग्य का आगमन हो। यह पावन पर्व सभी के जीवन को नवीन ऊर्जा और सकारात्मकता से आलोकित करे, ऐसी उनकी मंगलकामना है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान धन्वंतरि सभी को सुख, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भगवान धन्वंतरि एवं मां लक्ष्मी से प्रार्थना है कि आप सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का सदैव वास बना रहे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि जी की आराधना का यह पावन पर्व सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख और सौभाग्य लेकर आए तथा माँ लक्ष्मी की कृपा से हर घर धन-धान्य और समृद्धि से परिपूर्ण रहे। इस अवसर पर आइए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को अपनाते हुए स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करें, ताकि उनके घरों में भी खुशियों के दीप जलें।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान धन्वंतरि आपको स्वास्थ्य धन प्रदान करें और माता लक्ष्मी आपके घर-आँगन को सुख, समृद्धि, धन-धान्य एवं वैभव से परिपूर्ण करें, सभी मनोकामनाएं पूरी हों, यही प्रार्थना है।

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आरोग्य, संपदा और वैभव का पर्व धनतेरस आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गाँधी वाड्रा ने कहा कि यह पावन पर्व आप सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां लेकर आए। मां लक्ष्मी एवं भगवान धन्वंतरि सबका कल्याण करें। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि माँ लक्ष्मी की कृपा से आप सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो, ऐसी उनकी कामना है।

Leave a Reply