विराट के 38वें जन्मदिन पर बीसीसीआई ने दी बधाई, रैना बोले- किंग हमेशा किंग ही रहता है

नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज गुरुवार को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। वर्ष 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले कोहली आज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार हैं। अपनी दमदार बल्लेबाजी, जबरदस्त फिटनेस और मैदान पर कभी हार न मानने वाले जज्बे के दम पर उन्होंने क्रिकेट जगत में अलग पहचान बनाई है।

विराट कोहली फिलहाल भारतीय टीम के साथ ऑकलैंड में हैं। जन्मदिन से एक दिन पहले बुधवार को उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में शानदार 74 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। 38 वर्ष की उम्र में भी कोहली का जुनून और रनों की भूख बरकरार है। वह दुनिया के सबसे फिट खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।

कोहली के जन्मदिन पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और भारतीय क्रिकेट जगत के पूर्व खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर खास अंदाज में उन्हें बधाई दी। बोर्ड ने लिखा, “566 अंतरराष्ट्रीय मैच और गिनती जारी है, 28,601 अंतरराष्ट्रीय रन और गिनती जारी है, 86 अंतरराष्ट्रीय शतक और गिनती जारी है। आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप 2011, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 और 2025 तथा आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2024 के विजेता। इस खेल को गौरवान्वित करने वाले सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक विराट कोहली को जन्मदिन की बधाई।”

पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी कोहली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, किंग कोहली। शानदार कवर ड्राइव से लेकर यादगार रन चेज तक आपने क्रिकेट प्रशंसकों को अनगिनत यादें और भावनाएं दी हैं। आपका जुनून, लड़ने का जज्बा और जीतने की भूख आपको वाकई खास बनाती है। आपको बल्लेबाजी करते देखने का अनुभव हमेशा शानदार रहा है। ऐसे ही प्रेरित करते रहें, जीतते रहें और भारत को गौरवान्वित करते रहें। जो एक बार किंग है, वह हमेशा किंग ही रहता है।”

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कोहली को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, विराट कोहली। खेल के प्रति आपका जुनून, लगन और प्यार लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है। आने वाला साल आपके लिए शानदार रहे, भाई।”

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज और कोहली के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पूर्व साथी दिनेश कार्तिक ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “हर साल वही जोश। 38 की उम्र में इतने फिट पहले कभी नहीं दिखे। जन्मदिन मुबारक हो, विराट।”

कोहली की आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी खास अंदाज में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। फ्रेंचाइजी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हर दौर में एक ऐसा खिलाड़ी होता है, जो उस दौर की पहचान बन जाता है। क्रिकेट के इस दौर के लिए विराट कोहली वही खिलाड़ी हैं। उनके आंकड़े इतिहास की किताबों में दर्ज रहेंगे और उनकी काबिलियत से पूरी दुनिया वाकिफ है। हम हमेशा उस एहसास को याद रखेंगे, जो उन्होंने हमें इतने वर्षों तक दिया है। जन्मदिन मुबारक हो, किंग कोहली।”

रिकॉर्ड और उपलब्धियों से भरा है विराट का करियरविराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय करियर उपलब्धियों और रिकॉर्डों से भरा रहा है। उन्होंने वनडे विश्व कप, टी-20 विश्व कप और दो चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब जीतने में भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए दो आईपीएल खिताब जीता है।

टेस्ट क्रिकेट में विराट ने 123 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक निकले हैं। वनडे क्रिकेट में भी कोहली का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 318 मैचों में 58.84 की औसत से 15,183 रन बनाए हैं। इसमें रिकॉर्ड 55 शतक और 80 अर्धशतक शामिल हैं। वह वनडे क्रिकेट में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली ने 125 मैचों में 48.69 की औसत से 4,188 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनके नाम एक शतक और 38 अर्धशतक दर्ज हैं।

तीनों प्रारूपों को मिलाकर विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 566 मैचों में 28,601 रन बनाए हैं। उनके नाम कुल 86 शतक और 149 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 254 रन है।

Leave a Reply