अगरतला, 27 अक्टूबर: अवैध दवा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त टीम ने त्रिपुरा के खोवाई जिले में 15 लाख रुपये मूल्य की 1,500 बोतल एस्कफ सिरप जब्त की। यह संयुक्त अभियान 26 अक्टूबर को सिंगीछड़ा इलाके में चलाया गया।
असम राइफल्स के मुख्यालय आईजीएआर (ईस्ट) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर लंबे समय तक निगरानी करने के बाद यह कार्रवाई की गई। खोवाई जिले के सिंगीछड़ा इलाके में एक निर्धारित स्थान पर तलाशी के दौरान संयुक्त टीम ने छिपाकर रखी गई सिरप की खेप बरामद की।
जब्त सिरप का अनुमानित बाजार मूल्य 15 लाख रुपये बताया गया है। असम राइफल्स ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में अवैध दवाओं और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बरामद सिरप की खेप को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है। इस तस्करी में शामिल नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
