एशियाई पैरा खेल: ऊंची कूद में भारत का क्लीन स्वीप, शैलेश को स्वर्ण, वरुण को रजत और राहुल को कांस्य

तैराकी में स्वातिक ने जीता कांस्य

आइची-नागोया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पैरा एथलेटिक्स तीन और पैरा तैराकी में एक और पदक अपने नाम किए। पुरुषों की ऊंची कूद टी-63 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया। शैलेश कुमार ने स्वर्ण, वरुण भाटी ने रजत और राहुल ने कांस्य पदक जीता। वहीं, तैराक स्वातिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-9 स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की ऊंची कूद टी-63 स्पर्धा में शैलेश कुमार ने 1.89 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वरुण भाटी ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक अपने नाम किया, जबकि राहुल 1.81 मीटर की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने स्पर्धा के तीनों पदक जीतकर देश का परचम लहराया।

पैरा तैराकी में स्वातिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-9 स्पर्धा में एक मिनट 13.77 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। ईरान के शाहिन इजादियार ने रजत पदक हासिल किया, जबकि स्वर्ण पदक सिना जेघामिनेजाद के नाम रहा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वातिक रजत पदक से लगभग आधा सेकंड पीछे रहे। इस पदक के साथ उन्होंने एशियाई पैरा खेल-2026 में अपना अभियान समाप्त किया।

Leave a Reply