अमित शाह के पंजाब दौरे से नशा तस्करों व गैंगस्टर नेटवर्क पर होगा प्रहार: भाजपा

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और राज्यभर में नशे की आपूर्ति करने वाली शृंखलाओं पर प्रहार करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले, भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या, तस्करी के नेटवर्क, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्याओं को लेकर चिंता जताई।

चुघ ने कहा कि पंजाब की गलियों तक नशे की पहुंच, तस्करों के नेटवर्क और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की खुलेआम हत्या की घटनाएं भी राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ाती हैं। उनके मुताबिक, अमित शाह का दौरा इन आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के वादों के बजाय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निर्धारित समयसीमा पर भरोसा कर रही है।

चुघ ने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार को बताना होगा कि उसने राज्य में नशे की समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए अब तक क्या कदम उठाए हैं। बिगड़ती कानून-व्यवस्था और आम लोगों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को अपनी जवाबदेही स्पष्ट करनी होगी।

Leave a Reply