अगरतला, 8 अक्टूबर: त्रिपुरा की 21 नगर स्थानीय निकायों के चुनाव नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। इनमें अगरतला नगर निगम भी शामिल है। राज्य निर्वाचन आयुक्त प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि आगामी 9 दिसंबर तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करनी होगी।
गुरुवार को अगरतला स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में नगर स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त प्रदीप कुमार चक्रवर्ती, प्रभारी पुलिस महानिदेशक जी. एस. राव, कानून-व्यवस्था विभाग के आईजी मनचक इप्पर, सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नगर स्थानीय निकायों के वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल आगामी 9 दिसंबर को समाप्त होगा। इसलिए उससे पहले चुनाव सहित पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसी उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने कहा कि नगर स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर यह पहली चरण की आधिकारिक बैठक थी। बैठक में चुनाव प्रक्रिया के संचालन तथा प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग की ओर से मतदान केंद्रों की पहचान और अंतिम रूप देने का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है। आगामी 15 अक्टूबर को नगर क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी और अन्य चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव से जुड़े अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और प्रक्रिया के संबंध में फिर से जानकारी देना भी बैठक का एक प्रमुख उद्देश्य था। पांच वर्ष के अंतराल में प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले होने के कारण चुनावी जिम्मेदारियों, समय-सारणी और विभिन्न कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
हालांकि, मतदान की सटीक तारीख के बारे में अभी जानकारी देना संभव नहीं है। प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि चुनाव की आधिकारिक घोषणा से पहले मतदान की तारीख सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
इस बीच, प्रभारी पुलिस महानिदेशक जी. एस. राव ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए त्रिपुरा पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के पास पर्याप्त बल उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि नगर स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की पहली बैठक हुई है, जिसमें जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तैयार की गई योजना के अनुसार अब चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएंगी।
जी. एस. राव ने बताया कि केवल 21 नगर स्थानीय निकायों में चुनाव होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक बल की संख्या भी सीमित रहेगी। राज्य में वर्तमान में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान तैनात हैं, लेकिन नगर निकाय चुनाव के लिए बाहर से अतिरिक्त सीएपीएफ बल बुलाने की कोई व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा पुलिस और टीएसआर के पास पर्याप्त बल है। स्थानीय सुरक्षा बलों का अधिकतम उपयोग करते हुए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 21 नगर स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले ही कुल 783 मतदान केंद्रों को अंतिम रूप दे दिया है। इनमें अगरतला नगर निगम क्षेत्र में 439 मतदान केंद्र शामिल हैं।
