नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और अन्य पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें सजा दिलाई जाएगी। यह उनकी गारंटी है और आप ऐसा होते हुए देखेंगे।
दिल्ली में विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से कहा, “लगभग 300 सांसद शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाना चाहते थे, लेकिन पहले ही दिन हमें चुनाव आयोग के दफ़्तर के पास रोक दिया गया। फिर दूसरे दिन हमें जंतर-मंतर जाने से रोका गया और हमारे लोगों की पिटाई की गई।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने एक आपराधिक साजिश के तहत देश की सत्ता और संस्थाओं पर कब्जा कर रखा है। इन सबने मिलकर संविधान को बर्बाद किया है और बड़े पैमाने पर वोटों की चोरी की है।
उल्लेखनीय है कि ‘इंडी गठबंधन’ चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ लामबंद है तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
