प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, अमित शाह और सिक्किम के मुख्यमंत्री तमांग ने दी बधाई

नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और सिक्किम के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जनसेवा के 25 साल पूरे करने पर बधाई दी। शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के उनकी यात्रा को याद किया और उनके शासन और विकास से जुड़े कार्यों पर जोर दिया।

गृहमंत्री शाह ने आज एक्स पर लिखा, “शानदार प्रधानमंत्री श्री @ नरेन्द्र मोदी जी को सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे करने पर दिल से बधाई। यह यात्रा अथक मेहनत, जबरदस्त संकल्प और देश को सबसे ऊपर रखने के जीवन लक्ष्य से भरी रही है। इसी दिन 07 अक्टूबर 2001 को मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। तब से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा, संघर्ष और समर्पण का उनका लगातार सफर ग़रीबों की भलाई, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं की तरक्की और समाज के हर वर्ग की खुशहाली का पर्याय बन गया है।”

उन्होंने लिखा, “सेवा के 25 वर्ष में मोदी जी ने लोगों पर केंद्रित नीतियों, उनके सही क्रियान्वयन, फैसले लेने में मजबूती, पारदर्शिता और नतीजों की गारंटी के जरिए शासन की परिभाषा ही बदल दी है, साथ ही ‘कामकाज की राजनीति’ का आदर्श भी स्थापित किया है।” गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को याद करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने भूकंप से तबाह हुए कच्छ का पुनर्निर्माण किया। ज्योतिग्राम योजना के जरिए बिजली सप्लाई बढ़ाई। सोलर एनर्जी की पहल और वाइब्रेंट गुजरात के जरिए निवेश और उद्योग को बढ़ावा दिया। खेती में आठ प्रतिशत से ज्यादा की विकास दर हासिल की। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गवर्नेंस के इस विजन को राष्ट्रीय स्तर पर और बढ़ाया गया।

शाह ने लिखा, “प्रधानमंत्री के तौर पर यही विजन और आगे बढ़ा। अंतरिक्ष से लेकर समुद्र तक और वैश्विक मंचों से लेकर आंतरिक सुरक्षा तक, भारत ने नए मुकाम हासिल किए। लोगों की जिंदी में भी बड़ा बदलाव आया। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले। लाखों परिवारों को पक्के घर, 5 लाख रुपये तक का हेल्थ कवरेज, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और हर घर में नल से पानी की सुविधा मिली।”

उन्होंने कहा, “आज श्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल पेमेंट, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, डिफेंस प्रोडक्शन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां छू रहा है। युद्ध और अस्थिरता के इस दौर में भारत शांति और सद्भाव के लिए अहम वैश्विक आवाज बनकर उभरा है। श्री मोदी जी ने करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास जगाया है। ‘विकसित भारत’ का मंत्र दिया है और 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में लीडर बनाने का संकल्प दिलाया है। उनके नेतृत्व में सेवा कार्यों में भागीदार बनना हम सभी के लिए सौभाग्य और गर्व की बात है।”

सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस तमांग ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जनसेवा में 25 साल पूरे करने पर बधाई दी। फेसबुक पोस्ट में तमांग ने लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा जनसेवा में 25 शानदार साल पूरे करने के ऐतिहासिक और अहम मौके पर मैं सिक्किम की जनता और सरकार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने लिखा, ” 07 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री का पद संभालने से लेकर भारत के माननीय प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा करने तक श्री मोदी जी का शानदार सफर निस्वार्थ सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सिक्किम की जनता और सरकार माननीय प्रधानमंत्री के लगातार सहयोग, मार्गदर्शन, स्नेह और आशीर्वाद के लिए बहुत आभारी हैं। मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और लंबी उम्र की कामना करता हूं ताकि वे देश को और अधिक प्रगति, समृद्धि, शांति और वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाते रहें। हार्दिक बधाई और शुभकामनाओं के साथ…।”

Leave a Reply