छह सीटों पर उपचुनाव : 26 लाख से अधिक मतदाता करेंगे फैसला, नंदीग्राम-रेजीनगर से नगांव तक मुकाबला

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की पांच विधानसभा सीटों तथा एक लोकसभा सीट पर मंगलवार, 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

इन छह सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), वाम दलों, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ), ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) समेत कई दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। अधिकांश सीटें 2026 के विधानसभा चुनाव में दो सीटों से निर्वाचित प्रतिनिधियों के एक सीट छोड़ने अथवा विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई हैं।

असम की नगांव लोकसभा सीट पर 19,01,899 मतदाता और 2,307 मतदान केंद्र हैं। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 2026 की मतदाता सूची के अनुसार 2,66,415 मतदाता और 282 मतदान केंद्र हैं। रेजीनगर में 2,39,295 मतदाता और 315 मतदान केंद्र हैं। तमिलनाडु की मदुरांतकम सीट पर 2,13,788 मतदाता और 285 मतदान केंद्र, जबकि धारापुरम में 2,23,247 मतदाता और 320 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर 26,921 मतदाता हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन छह सीटों पर कुल 26,71,565 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसमें नगांव लोकसभा क्षेत्र के मतदाता भी शामिल हैं।

नगांव लोकसभा : 19.01 लाख मतदाता, 2,307 मतदान केंद्रअसम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। देवाशीष शर्मा पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, जबकि सिबामोनी बोरा कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। अजमल एआईयूडीएफ के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 19,01,899 मतदाता हैं। इनमें 9,58,549 पुरुष, 9,43,300 महिलाएं और 50 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान के लिए करीब 11,535 कर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगांव सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। बोरदोलोई बाद में भाजपा में शामिल हुए और 2026 के विधानसभा चुनाव में दिसपुर सीट से निर्वाचित हुए।

नंदीग्राम : 2.66 लाख मतदाता, 282 मतदान केंद्रपश्चिम बंगाल में पूर्व मेदनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट इस उपचुनाव की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। भाजपा ने हसिरानी रथ, कांग्रेस ने मिलन प्रधान और वाम मोर्चे की ओर से सीपीआई ने शांतिगोपाल गिरि को उम्मीदवार बनाया है। विभिन्न दलों और गुटों की सक्रियता के कारण यहां मुकाबला बहुकोणीय है। 2026 की विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के अनुसार नंदीग्राम में 2,66,415 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें 1,38,934 पुरुष, 1,27,480 महिलाएं और एक तृतीय लिंग मतदाता शामिल था। नंदीग्राम में 282 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 37 कंपनियां तैनात की गई हैं। यह सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में भवानीपुर सीट बरकरार रखते हुए उन्होंने नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी और बाद में मिली अंतरिम जमानत भी चुनाव प्रचार के दौरान चर्चा में रही।

रेजीनगर : 2.39 लाख मतदाता, 315 मतदान केंद्रपश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने शंकराव सरकार, तृणमूल कांग्रेस ने रबीउल आलम चौधरी और एजेयूपी ने पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के बेटे गोलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है। वाम मोर्चे और अन्य दलों के उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग के 2026 के आंकड़ों के अनुसार रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में 2,39,295 मतदाता हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर ने एजेयूपी के टिकट पर 1,23,536 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। भाजपा के बापन घोष को 64,660, जबकि टीएमसी के अताउर रहमान को 41,718 वोट मिले थे। कांग्रेस को 4,101 वोट मिले थे। रेजीनगर में 315 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल की 34 कंपनियां तैनात की गई हैं। नंदीग्राम और रेजीनगर को मिलाकर कुल 597 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग होगी और दोनों क्षेत्रों में केंद्रीय बल की कुल 71 कंपनियां तैनात रहेंगी। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। 2026 के विधानसभा चुनाव में कबीर ने रेजीनगर और नवदा दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नवदा सीट बरकरार रखते हुए रेजीनगर से इस्तीफा दे दिया।

मदुरांतकम : 2.13 लाख मतदाता, 285 मतदान केंद्रतमिलनाडु में चेंगलपट्टू जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मदुरांतकम विधानसभा सीट पर 2,13,788 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 285 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 2,614 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें 480 सीआईएसएफ जवान शामिल हैं। 23 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इस सीट पर कुल 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में टीवीके की के. मरगथम कुमारवेल, द्रमुक के आई. परंथामेन, अन्नाद्रमुक की कनिता संपत और माकपा की पी. सुगंधी शामिल हैं। ईवीएम पर 27 उम्मीदवारों के साथ नोटा समेत कुल 28 विकल्प होंगे। मदुरांतकम सीट अन्नाद्रमुक विधायक मरगथम कुमारवेल के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद वह टीवीके में शामिल हो गईं और अब उसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

धारापुरम : 2.23 लाख मतदाता, 320 मतदान केंद्रतमिलनाडु में तिरुपूर जिले की अनुसूचित जाति आरक्षित सीट धारापुरम में 2,23,247 मतदाता मतदान करेंगे। यहां 320 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए करीब 3,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। 18 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है। धारापुरम में टीवीके ने पूर्व अन्नाद्रमुक विधायक पी. सत्यबामा को उम्मीदवार बनाया है। द्रमुक की ओर से एस. सुगन्या, अन्नाद्रमुक से के. भानुमति और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से पी. लक्ष्मणन चुनाव मैदान में हैं। धारापुरम सीट भी अन्नाद्रमुक विधायक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। पी. सत्यबामा ने विधायक पद छोड़ने के बाद टीवीके का दामन थामा और अब उसी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रही हैं।

थट्टनचावडी : 26,921 मतदाता, 11 उम्मीदवारकेंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में एआईएनआरसी के अशोक आनंद, कांग्रेस के ई. विनयगम, द्रमुक के के. सेतु सेल्वम और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के ए. मोहम्मद सलीम शामिल हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को टीवीके का समर्थन प्राप्त है, जबकि एआईएनआरसी उम्मीदवार को भाजपा और अन्नाद्रमुक का समर्थन हासिल है। थट्टनचावडी में कुल 26,921 मतदाता हैं। यह पुडुचेरी का शहरी विधानसभा क्षेत्र है और ओलगरेट नगरपालिका क्षेत्र के हिस्सों को समेटता है। यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। 2026 के विधानसभा चुनाव में रंगासामी ने थट्टनचावडी और मंगलम दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने मंगलम सीट बरकरार रखते हुए थट्टनचावडी से इस्तीफा दे दिया।

छह सीटों का यह उपचुनाव अलग-अलग राज्यों के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ प्रमुख दलों के लिए महत्वपूर्ण है। 6 अक्टूबर को मतदान के बाद 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। इसके साथ ही इन छह सीटों पर मतदाताओं के फैसले से नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।

Leave a Reply