(अपडेट) बंगाल में जेएमबी से संबंध मामले में मस्जिद के इमाम एनआईए हिरासत में

कोलकाता , 29 सितंबर (हि. स.)। प्रतिबंधित बांग्लादेशी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के संभावित नेटवर्क की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने मंगलवार सुबह पश्चिम बंगाल में पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई दक्षिण दिनाजपुर, दक्षिण 24 परगना और पूर्व बर्दवान जिलों में की गई।

एनआइए की टीमों ने दक्षिण दिनाजपुर के हरिरामपुर और बंशीहारी, दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर तथा पूर्व बर्दवान के मंगलकोट इलाके में तलाशी ली। बंशीहारी में एजेंसी ने मिजानुर रहमान के घर की भी तलाशी ली।

पूर्व बर्दवान के मंगलकोट थाना क्षेत्र के पालिशग्राम में तलाशी अभियान के दौरान एनआइए ने एक मस्जिद के इमाम को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि उससे जेएमबी से संभावित संबंधों को लेकर पूछताछ की जा रही है। एजेंसी कथित नेटवर्क और उससे जुड़ी गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, असम में हाल में गिरफ्तार एक संदिग्ध से पूछताछ और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल में JMB का कथित मॉड्यूल सक्रिय करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने से संबंधित जानकारी सामने आई थी। इसी इनपुट के आधार पर बंगाल में मंगलवार को यह कार्रवाई की गई।

हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसे लेकर एनआइए की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply