एशियाई खेल : हरिता भद्रा ने 200 मीटर फाइनल में जीता कांस्य

आइची-नागोया, 27 सितंबर (हि.स.)। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में रविवार को महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में भारत की हरिता भद्रा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। हरिता ने 23.20 सेकेंड में दौड़ फिनिश कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने जापान की अबिगीरुफुका इडो को महज 0.01 सेकेंड से पीछे छोड़ा। इडो ने 23.21 सेकेंड का समय दर्ज किया।

फाइनल में शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंगापुर की शांति परेरा ने 22.78 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल किया। तीसरे स्थान के लिए हरिता और इडो के बीच आखिरी क्षण तक मुकाबला बेहद करीबी रहा, लेकिन अंत में हरिता के तीसरे स्थान पर रहने की पुष्टि हुई। इस तरह उन्होंने 23.20 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

हरिता ने प्रतियोगिता के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा के पहले दौर की हीट में 23.31 सेकेंड का शानदार समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया था और सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

भारत की एक अन्य धाविका उन्नाथी अयप्पा ने फाइनल में 23.46 सेकेंड का समय निकालकर छठा स्थान हासिल किया। उन्नति ने इससे पहले हीट में 23.33 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर फाइनल में जगह बनाई थी।

हरिता के कांस्य पदक के साथ एशियाई खेलों में भारत की पदक संख्या 33 हो गई है। भारत के खाते में अब तक 4 स्वर्ण, 14 रजत और 15 कांस्य पदक हैं।

Leave a Reply