लोकसभा अध्यक्ष, रक्षामंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 26 सितम्बर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने शनिवार को महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और मानवतावादी चिंतक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शिक्षा तथा सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि विद्यासागर की महानता उनके ज्ञान और सामाजिक सुधार के प्रयासों के साथ-साथ उनके सरल जीवन, संवेदनशील हृदय और असाधारण मानवीय करुणा में भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि विद्यासागर जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे और उनके व्यक्तित्व में विद्वता, विनम्रता तथा सेवा भावना का अद्भुत समन्वय था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा के प्रबल समर्थक विद्यासागर ने लड़कियों के लिए स्कूल स्थापित किए और शिक्षा तक उनकी पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए। उन्होंने बंगाली भाषा और लिपि के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि विद्यासागर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि ‘वर्णपरिचय’ के माध्यम से विद्यासागर ने बांग्ला वर्णमाला को नया स्वरूप देने के साथ ही असंख्य बच्चों के लिए ज्ञान के द्वार खोले। विधवा पुनर्विवाह और महिला शिक्षा के लिए उनका आजीवन संघर्ष समाज को आज भी दिशा देता है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विद्यासागर को महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विद्यासागर के प्रयासों ने समाज में बदलाव लाने और महिलाओं के सम्मान तथा सामाजिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हाेंने कहा कि दार्शनिक, शिक्षाविद, प्रकाशक, तर्कवादी, समाजसेवी और बहुविषयक विद्वान के रूप में विद्यासागर का बंगाली भाषा और संस्कृति में योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी विद्यासागर को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने उन्हें बंगाल पुनर्जागरण के प्रमुख स्तंभों में से एक और प्रख्यात समाज सुधारक बताया।

Leave a Reply