नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय जाएंगे और एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
दीनदयाल उपाध्याय की जयंती हर वर्ष 25 सितंबर को मनाई जाती है। भाजपा इस दिन को संगठन और विचारधारा के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर मनाती है। हर वर्ष मोदी और अन्य नेता दीनदयाल उपाध्याय के योगदान और उनके विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं।
दीनदयाल उपाध्याय भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि से जुड़े प्रमुख नेताओं में रहे हैं। उन्होंने एकात्म मानव दर्शन की अवधारणा को आगे बढ़ाया, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप विकास की दृष्टि पर जोर दिया गया है।
