गुजरात में राजमार्ग और सिंचाई परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, एनएचएआई और एसएसएनएनएल के बीच समझौता

नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर और पाइपलाइन परियोजनाओं के लिए मंजूरी प्रक्रिया को आसान और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (एसएसएनएनएल) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता गांधीनगर में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी और एसएसएनएनएल के मुख्य अभियंता के बीच हुआ। समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, मंजूरी की प्रक्रिया को तेज करना और राष्ट्रीय राजमार्ग तथा सिंचाई परियोजनाओं के कार्यान्वयन को सुगम बनाना है।

एमओयू की प्रमुख विशेषता यह है कि इसके दायरे में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर और पाइपलाइन क्रॉसिंग से संबंधित विभिन्न शुल्क, प्रभार और अन्य देयों को दोनों संस्थाएं एक-दूसरे के लिए माफ करेंगी। इससे परियोजनाओं की लागत कम होगी और प्रक्रियागत बाधाएं भी घटेंगी।

समझौते में परियोजनाओं से जुड़ी सूचनाओं के समय पर आदान-प्रदान, मानकीकृत इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं को अपनाने तथा क्रॉसिंग संरचनाओं के निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने का प्रावधान भी किया गया है। इससे परियोजनाओं की योजना और क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता गुजरात में समेकित बुनियादी ढांचा विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग और सिंचाई परियोजनाओं के कार्यान्वयन की गति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और परियोजनाओं पर आने वाला कुल वित्तीय बोझ भी कम होगा।

Leave a Reply