नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। केन्द्र सरकार अगले माह अक्टूबर से 14 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) 2.0 प्रशिक्षण बैच शुरू करेगी। इसके तहत 34,920 ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार इस प्रशिक्षण के तहत अक्टूबर के 1,164 बैच प्रारंभ होंगे और 34,920 ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 31 दिसंबर 2027 तक चलेगा।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा अक्टूबर से 14 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना 2.0 के तहत नए प्रशिक्षण बैच शुरू किए जा रहे हैं, जिसके तहत 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 34,920 ग्रामीण युवा अपना कौशल प्रशिक्षण शुरू करेंगे।
इस शुरुआत के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा पहले चरण में जिन 14 राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई है, वे हैं: उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम, सिक्किम और पुडुचेरी।
इन 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 31 दिसंबर 2027 तक कुल 3,57,112 ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षित करने का स्वीकृत लक्ष्य रखा गया है। अब तक 24 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा 1,200 से अधिक परियोजनाओं के तहत कुल 5.6 लाख ग्रामीण युवाओं का लक्ष्य आवंटित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि डीडीयू-जीकेवाई योजना ग्रामीण गरीब युवाओं को रोजगार से जुड़ा कौशल प्रशिक्षण प्रदान करती है। इसकी अवधि 3 महीने से 12 महीने तक होती है। डीडीयू-जीकेवाई 2.0 एकीकृत पोर्टल भी है जो परियोजना को सुगम बनाने, अधिक दक्षता, पारदर्शिता और डिजिटल निगरानी को बढ़ावा देने में सक्षम है।
