हरिद्वार, 17 सितंबर (हि.स.)।
हिंदू महिला को बहला-फुसलाकर मतांतरण और निकाह कराने के मामले में लक्सर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र के गांव निहंदपुर सुठारी निवासी आशिफ छत्तीसगढ़ में गन्ने की चरखी पर काम करता था। वहीं पर उसके साथ एक हिंदू महिला भी काम करती थी। आरोप है कि आशिफ ने महिला को प्रेमजाल में फंसा लिया।
दिसंबर 2025 में आशिफ महिला को हरिद्वार अपने गांव निहंदपुर सुठारी ले आया। इसके बाद वह उसे कलियर ले गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराकर सुखमति से नाम बदलकर शबनूर कर दिया और निकाह कर लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशिफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे मामले में मतांतरण और निकाह की साजिश में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि आशिफ के झांसे में आई महिला पहले से शादीशुदा है। उसका मायका छत्तीसगढ़ के जिला पंडरिया, थाना मंगूली क्षेत्र में है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस पूरे मामले का खुलासा खुद आरोपित की पहली पत्नी ने किया। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से दूसरी महिला के साथ रह रहा है और मतांतरण कराकर निकाह किया है। सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
