मोदी के जन्मदिवस पर अनुराग ठाकुर ने किया सेवा कार्यक्रमों का शुभारंभ

हमीरपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर हमीरपुर जिला में सेवा, जनकल्याण और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, सदर विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, डॉ. अनिल धीमान, कमलेश कुमारी, जिला महामंत्री अजय रिंटू शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह गंदा नौण स्थित वृद्धाश्रम से हुई, जहां अनुराग ठाकुर ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

इसके बाद रानी लक्ष्मीबाई पार्क, बस अड्डे के समीप सड़क सुरक्षा जागरूकता कैंप, निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और सफाई योद्धाओं के सम्मान समारोह में उन्होंने भाग लिया। सफाई कर्मचारियों को सैनिटेशन ग्लव्स, सेफ्टी जैकेट और सैनिटाइजर सहित सुरक्षा किट वितरित की गईं। टैक्सी चालकों को मेडिकल किट देकर यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वच्छ भारत का संकल्प तभी सफल होगा जब हम उन सफाई योद्धाओं का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, जो प्रतिदिन हमारे शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी केवल सफाई व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण में अग्रिम पंक्ति के योद्धा हैं।

हमीरपुर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में अनुराग सिंह ठाकुर ने लाभार्थियों को आधुनिक उपकरण वितरित किए।

Leave a Reply