सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार का इनामी आरोपित शिवांजय गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

सागर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपित शिवांजय राजपूत को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास जंगल में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के सूचना मिली थी कि बंडा शराब प्रकरण में फरार शिवांजय राजपूत (21) कठुआ नाला के पास जंगल में मौजूद है और धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने गांव छापरी की ओर जा सकता है। सूचना के बाद बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की गई।

पुलिस का दावा है कि सर्चिंग के दौरान टीम का सामना शिवांजय से हुआ। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपित ने तीन राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड जवाबी फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपित के पैर में लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बंडा के छापरी गांव में रहने वाला शिवांजय शराब कांड के मुख्य आरोपित चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू का रिश्तेदार है। इस सिंडिकेट की अवैध शराब सप्लाई में उसकी बड़ी भूमिका थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार का इनाम रखा था। शिवांजय के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इस मामले में यह दूसरा पुलिस एनकाउंटर

बंडा जहरीली शराब कांड में यह दूसरा मामला है, जब किसी फरार आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इससे पहले रवि लखेरा को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी है। लोगों के बीच चर्चा है कि सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, प्रशासन ने 18 मौतों की ही पुष्टि की है।

Leave a Reply