शुभेंदु की चेतावनी के बाद कार्रवाई, बागेश्वर धाम प्रमुख की तस्वीर जलाने के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार

कोलकाता, 11 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की विधानसभा में दी गई चेतावनी के अगले ही दिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाने के आरोप में कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर लिया। भवानीपुर थाने की पुलिस ने दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव अतनु दास को शुक्रवार तड़के टॉलीगंज स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस महीने की शुरुआत में कोलकाता आए । इस दौरान उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान मांसाहारी भोजन करने को लेकर टिप्पणी की थी। उनके बयान को लेकर राज्यभर में विवाद खड़ा हो गया । यहां तक कि भाजपा के कई नेताओं ने भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से असहमति जताई।

इसी के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने भवानीपुर थाने के सामने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाकर प्रदर्शन किया था। इस कार्यक्रम का नेतृत्व अतनु दास ने किया था। तस्वीर जलाने की घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया।

विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री ने इस मामले का उल्लेख करते हुए कोलकाता पुलिस आयुक्त को संबंधित लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा था, “मैंने भवानीपुर थाने के सामने कुछ लोगों को तस्वीर जलाते देखा है। मैं पुलिस आयुक्त से कह रहा हूं कि इन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। हमारे राज्य में यह सब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद पुलिस ने रात कार्रवाई शुरू कर दी। भवानीपुर थाने की पुलिस ने टॉलीगंज स्थित अतनु दास के घर पर छापेमारी की। उस समय कांग्रेस नेता घर पर ही मौजूद थे। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर भवानीपुर थाने ले आई। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।

अतनु दास की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने मुख्यमंत्री के गिरफ्तारी संबंधी बयान के विरोध में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने कांग्रेस के लोकतांत्रिक मूल्यों और विरोध के अधिकार का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने जन्म से लेकर आज तक किसी भी अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाया है और कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटे हैं।

Leave a Reply