गुवाहाटी, 10 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश की वर्धित राज्य कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित की जाएगी। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने गुरुवार को बाजपेयी भवन स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश संगठन की आगामी कार्ययोजना, संगठन को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा होगी। बैठक से असम में पार्टी के जनोन्मुखी कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य, मंत्री, सांसद, विधायक, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महासचिव, प्रवक्ता, पैनलिस्ट, प्रकोष्ठों एवं विभागों के संयोजक-सहसंयोजक, जिला प्रभारी एवं सहप्रभारी तथा जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अलावा निगम-बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
स्वायत्तशासी परिषदों के मुख्य कार्यकारी सदस्य, विकास प्राधिकरणों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला परिषद अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक भी बैठक में आमंत्रित किए गए हैं। विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रदेश, मंडल एवं जिला स्तर के संयोजक तथा सदस्य, क्षेत्रीय पंचायतों के अध्यक्ष, नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर और नगरपालिका अध्यक्ष भी बैठक में भाग लेंगे।
उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय राजनीति में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में असम सहित पूरे देश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर, 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 26 मई, 2014 को उन्होंने पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत देशभर में कुल 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है और असम में भी इनके सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
अभियान के पहले कार्यक्रम के रूप में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद की बत्ती’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत असम भाजपा के 31 हजार से अधिक बूथों के कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देंगे।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के आदर्शों को व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
