बांदा, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कालूकुआं चौराहे पर बुधवार रात पूर्व विधायक की गाड़ी के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। वाहन हटाने के लिए कहने पर पूर्व विधायक के गनर से मनबढ़ दबंगों द्वारा अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस ने गनर की तहरीर पर एक नामजद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी संदेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नरैनी के पूर्व विधायक राजकरन कबीर के गनर के रूप में तैनात हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे वह पूर्व विधायक और उनके परिवार के साथ लखनऊ से बांदा लौट रहे थे। कालूकुआं चौराहे पर खुरहंड निवासी अभिषेक उर्फ अभि तिवारी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और अपनी कार पूर्व विधायक की गाड़ी के सामने खड़ी कर दी।
तहरीर के मुताबिक, वाहन हटाने के लिए कहने पर अभिषेक और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने गनर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस सम्बन्ध में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने गुरुवार को बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से एक वीडियो संज्ञान में आया है जिसमें एक व्यक्ति द्वारा गनर ड्यूटी में लगे एक सिपाही के साथ गाड़ी हटाने की बात को लेकर वाद-विवाद व धक्का मुक्की की गई। इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगा दी गयी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।
