पैसे के अभाव में अस्पताल ने भर्ती नहीं किया, फुटपाथ पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

काठमांडू, 10 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के राजविराज में अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने के बाद एक गरीब महिला ने फुटपाथ पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे नहीं होने के कारण अस्पताल ने महिला को भर्ती करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

यह घटना बुधवार तड़के करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे बबिता को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद वह अपने पति हरेराम और सास के रिश्ते की दो महिलाओं के साथ सिटी रिक्शा से अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद प्रसूति विभाग में तैनात स्टाफ नर्स ने पहले अल्ट्रासाउंड और प्रयोगशाला में रक्त तथा पेशाब की जांच कराने को कहा। अस्पताल की ओर से इन जांचों के लिए करीब 2,500 नेपाली रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई।

फुटपाथ पर बच्चे को जन्म देने वाली महिला राजविराज नगरपालिका पर्साही निवासी हरेराम पासवान की पत्नी बबिता पासवान हैं। सरकारी अस्पताल के सामने फुटपाथ पर महिला के प्रसव का वीडियो सामने आने के बाद सरकार और अस्पताल की कड़ी आलोचना हो रही है। दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।

बबिता ने बताया कि वह बेहद गरीब हैं और उनके पास पैसे नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले उनके तीन बच्चों का सामान्य प्रसव हुआ था और उस समय कोई जांच नहीं कराई गई थी। बबिता का आरोप है कि नर्स ने जांच के बिना अस्पताल में प्रसव कराने से इनकार कर दिया और उन्हें डांटकर बाहर जाने को कहा। इसके बाद वह अस्पताल के बाहर फुटपाथ पर ही प्रसव के लिए मजबूर हो गईं।

Leave a Reply