छत्तीसगढ़ के सक्ती में शुक्रवार को ग्रामीण विकास कार्यक्रम, शिवराज चौहान होंगे शामिल

रायपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जेठा में 11 सितंबर को होने वाले ग्रामीण विकास कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे।

जिला प्रशासन ने बताया है कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख परिवारों को पक्के घर की सौगात देते हुए गृह प्रवेश कराया जाएगा। साथ ही आवास योजना में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की शुरुआत होगी।

इस दौरान नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए ‘धार अपार अभियान’ शुरू किया जाएगा। ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर भी शुरू होंगे। कार्यक्रम में लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और रानी मिस्त्री को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान होगा।

कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा।

Leave a Reply