बहराइच, 09 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में नेपाल के जैसपुर में करीब 46 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार शाम सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 16 में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के इंचार्ज नवीन कुमार शाही ने बताया कि जैसपुर में स्मैक की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। जांच के दौरान संदिग्ध मिले युवकों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से स्मैक बरामद हुई है। आरोपिताें के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। पकड़े गए युवकों की पहचान 21 वर्षीय मेहरबान खान और 18 वर्षीय इरशाद साईं, निवासी जैसपुर, के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए नेपालगंज जिला पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया।
उधर, रुपईडीहा क्षेत्र में भी बीते दो दिनों में स्मैक के साथ एक महिला और एक युवक की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीमा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही नशे की खेप ने तस्करी के नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें और तेज कर दी हैं।
