धर्मशाला, 04 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टीम ने मोटरसाइकिल की डिक्की से 260 ग्राम हैरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि सीआईए विंग पुलिस जिला नूरपुर की टीम बीती रात डमटाल, इन्दौरा व मिलवां में गश्त पर थी। इस दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एनएच-44 से गांव उलैहड़ियां की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे क्रॉसिंग से लगभग 20 मीटर पीछे एक युवक मोटरसाइकिल में हैरोइन छिपाकर बैठा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर मौजूद मोटरसाइकिल नम्बर पीबी-07आर-6786 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से एक पारदर्शी पॉलीथिन लिफाफे में छिपाकर रखा गया हैरोइन पाया गया। बरामद मादक पदार्थ, मोटरसाइकिल तथा अन्य संबंधित साक्ष्यों को नियमानुसार पुलिस ने कब्जे में लिया तथा आगामी कार्रवाई की। इस संबंध में पुलिस थाना इन्दौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू कुमार, उम्र 19 वर्ष पुत्र मंजीत कुमार, निवासी गांव तमौता, डाकघर उलैहड़ियां, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। मामले की आगामी जांच जारी है। जांच के दौरान बरामद चिट्टे के स्रोत, सप्लाई चैन, अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों तथा आरोपी के संभावित संपर्कों के संबंध में गहनता से छानबीन की जा रही है ।
नूरपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थ की आपूर्ति के संभावित नेटवर्क का पता लगाने, आरोपी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने तथा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े सभी पहलुओं को खंगालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
