विहिप के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने संगठन के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने विहिप के सनातन संस्कृति के संरक्षण, हिंदू समाज में एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विहिप के स्थापना दिवस पर संगठन के समस्त कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। केंद्रीयमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संस्कृत के श्लोक “धर्मो रक्षति रक्षितः” का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति, हिंदू धर्म, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक समरसता की साधना में संलग्न विश्व के सबसे बड़े हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर सभी को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिंदू एकता के संकल्प, सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र जागरण के पुनीत ध्येय को समर्पित विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं एवं सनातन साधकों को बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि संगठित एवं समतामूलक हिंदू समाज के निर्माण, सशक्त राष्ट्र और सनातन मूल्यों के संवर्धन के लिए विहिप की अविराम साधना सभी के लिए प्रेरणापुंज है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विहिप के स्थापना दिवस पर राष्ट्रसेवा में समर्पित सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में आत्मबोध, एकात्मता और स्वाभिमान का भाव जागृत करना, सनातन संस्कृति की जीवंत परंपराओं को सशक्त करना और सेवा को राष्ट्रकार्य का माध्यम बनाना विहिप की मूल प्रेरणा है। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और समर्पण को प्रेरक बताया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति, सेवा और समाज हित के लिए निरंतर कार्यरत विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विहिप ने सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए समाज को जागरूक और संगठित करने का निरंतर प्रयास किया है। परिषद के कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राष्ट्रसेवा, भारतीय संस्कार एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण को समर्पित विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने में संगठन की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने “मम दीक्षा हिंदू रक्षा, मम मंत्र समानता” के भाव के साथ धर्म, संस्कृति और राष्ट्रसेवा का संकल्प निरंतर आगे बढ़ने की मंगलकामना की।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर संगठन के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, सनातन जीवन-मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति संगठन का समर्पण सदैव वंदनीय एवं प्रेरणादायी रहा है।

Leave a Reply