14 हजार याबा टैबलेट बरामद, 5 हिरासत में

अगरतला, 3 सितंबर: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में असम राइफल्स और श्रीभूमि पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान श्रीभूमि जिले के बदरपुर इलाके से करीब 14 हजार याबा टैबलेट बरामद किए गए। बरामद याबा का कुल वजन लगभग 1.4 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा दो वाहन, जिनमें एक ऑल्टो कार भी शामिल है, तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।

असम राइफल्स की ओर से बताया गया कि संयुक्त अभियान में हिरासत में लिए गए पांचों लोगों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए श्रीभूमि पुलिस को सौंप दिया गया है।

मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। असम राइफल्स और सिविल पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के चलते क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। असम राइफल्स की ओर से कहा गया कि मादक पदार्थों की अवैध आपूर्ति श्रृंखला को बाधित करने और लोगों को नशे के खतरे से बचाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply