विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री विजय जाएंगे ब्रिटेन

चेन्नई, 01 सितंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय राज्य के लिए विदेशी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से 10 सितंबर से छह दिवसीय ब्रिटेन जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए जानकारी साझा की है।

विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल निवेश आकर्षित करने के लिए 10 से 16 सितंबर तक ब्रिटेन की यात्रा करेंगे। वहां वे उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें तमिलनाडु में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे।

इससे पहले, विदेशी कंपनियों के निवेश को आकर्षित करने के प्रयासों के तहत उद्योग मंत्री कीर्तन आगामी 4 सितंबर को ताइवान जाने वाली हैं। सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, चिप सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली कई देशों की कंपनियों की भागीदारी वाला सेमीकॉन सम्मेलन इस सप्ताह ताइवान में आयोजित होने वाला है।

इसमें भाग लेने वाली कंपनियों के निवेश को तमिलनाडु की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से मंत्री कीर्तन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ताइवान जाकर निवेशकों से मुलाकात करेगा और बातचीत करेगा।

तमिलगा वेत्रि कड़गम की ओर से घोषणा की गई है कि वर्ष 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए घरेलू और विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से तमिलनाडु सरकार विभिन्न कदम उठा रही है।

इसी क्रम में तमिलगा वेत्रि कड़गम सरकार के सत्ता संभालने के पहले 100 दिनों में 104 कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए हैं। इनके माध्यम से 1,02,514 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया गया है और 1,21,788 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के मामले में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के बीच प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। ऐसे में तमिलनाडु सरकार ने निवेश आकर्षित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

—————

Leave a Reply