अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएसबी की डी कंपनी ने जीता वॉलीबॉल फाइनल

गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सोनापुर के वाहिनी मुख्यालय परिसर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में “बी” कंपनी और “डी” कंपनी की टीमें आमने-सामने हुईं। रोमांचक एवं कड़े मुकाबले में “डी” कंपनी ने “बी” कंपनी को 3-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का प्रदर्शन किया। वाहिनी के अधिकारी एवं जवानों ने मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कमांडेंट सुनील कौशिक ने विजेता “डी” कंपनी की टीम को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ जवानों में टीम भावना, अनुशासन, आपसी समन्वय और सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम उत्साह, खेल भावना और आपसी सौहार्द के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply