केरल में सोने की दुकान से चोरी कर भागा युवक खड़गपुर में गिरफ्तार

खड़गपुर, 28 अगस्त (हि. स.)। केरल की एक सोने की दुकान से सोना चोरी कर ट्रेन से घर लौट रहे बर्धमान के एक युवक को खड़गपुर राजकीय रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान शेख समीर के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 150 ग्राम सोना बरामद किया गया है।

रेल पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर केरल की एक सोने की दुकान में कारीगर के रूप में काम करता था। आरोप है कि दुकान से सोना चोरी करने के बाद वह ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर केरल के नल्लालम थाने की पुलिस ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों को सतर्क करते हुए सूचना भेजी थी। इसी सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह खड़गपुर स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस ने अभियान चलाया। 22503 कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में तलाशी के दौरान पुलिस ने समीर को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 150 ग्राम सोना बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार देर शाम केरल पुलिस की एक टीम खड़गपुर स्टेशन पहुंची। खड़गपुर राजकीय रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जयंत मुखर्जी ने गुरुवार रात को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार गिरफ्तार युवक को केरल पुलिस के हवाले किया जाएगा। इसके बाद उसे केरल ले जाकर चोरी के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply