भारी बारिश से त्रिपुरा के कई इलाके जलमग्न, सांसद बिप्लब देव ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

अगरतला, 23 अगस्त: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पश्चिम त्रिपुरा जिले सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री तथा सांसद बिप्लब कुमार देव ने प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया है। साथ ही उन्होंने राहत, बचाव और आवश्यक प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।

रविवार को सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में बिप्लब कुमार देव ने बताया कि जलमग्न इलाकों में उचित तरीके से बचाव अभियान चलाने, प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित लोगों से उनकी बातचीत हुई है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के साथ ही प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए पूरी सक्रियता और तत्परता से काम कर रहा है।

सांसद ने आपदा की स्थिति में लोगों से प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और जलभराव के बीच लोग अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply