मुठभेड़ में गोकशी का आरोपित घायल, अवैध तमंचा बरामद

बिजनौर, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में हल्दौर थाना पुलिस ने गोकशी की घटना में वांछित एक आरोपित को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को ग्राम भवानीपुर के जंगल में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित लईक घायल होकर गिरफ्तार हुआ था। उसके कब्जे से गोवंशीय मांस, पशु कटान के उपकरण, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। मामले में अन्य आरोपिताें के नाम भी प्रकाश में आए थे और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे।

इसी क्रम में 21 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में वांछित आरोपित ग्राम भवानीपुर निवासी जावेद मोटरसाइकिल से सोतखेड़ी तिराहे के पास से गोकशी की घटना करने की फिराक में जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपित जावेद के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पशु कटान के उपकरण तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। मामले में थानाध्यक्ष हल्दौर बिजेन्द्र राठी ने बताया कि आरोपित पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जावेद पुत्र जियाउद्दीन, निवासी ग्राम भवानीपुर, थाना हल्दौर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।

Leave a Reply