दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल पर पहली बार 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत

जम्मू, 20 अगस्त (आईएएनएस): दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चेनाब रेल ब्रिज पर पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ट्रेन की गति बढ़ने से यात्रा का समय कम होगा और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद कटरा-बनिहाल रेल खंड पर अधिकतम अनुमत गति बढ़ाई गई है। इसके बाद पहली बार चेनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल से वंदे भारत करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक ने बताया कि मंजूरी के तहत उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉड गेज रेल खंड पर ट्रेनें अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी।

इससे पहले कटरा-संगलदान खंड पर अधिकतम अनुमत गति 85 किलोमीटर प्रति घंटा और संगलदान-बनिहाल खंड पर 75 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उत्तर रेलवे ने बताया कि निर्धारित सभी सुरक्षा शर्तों को सुनिश्चित करने के बाद ही गति बढ़ाने की मंजूरी दी गई है।

नई गति सीमा लागू होने के बाद श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच यात्रा का समय और कम होने की उम्मीद है।

जम्मू-कश्मीर में चेनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है और इसे रेलवे इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना माना जाता है। यह पुल चेनाब नदी के तल से 359 मीटर यानी 1,178 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जो एफिल टावर से करीब 35 मीटर ऊंचा है। पुल की लंबाई 1,315 मीटर है।

इस पुल का निर्माण स्टील और कंक्रीट से बने डेक-आर्च ढांचे के रूप में किया गया है, जिसे तेज हवाओं और शक्तिशाली भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने के लिए डिजाइन किया गया है।

जम्मू से कश्मीर घाटी को जोड़ने वाली उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के नवनिर्मित रेल खंड की लंबाई 272 किलोमीटर है। जम्मू से बारामुला तक निर्धारित शुरुआती और अंतिम जंक्शन के आधार पर पूरी निरंतर रेल लाइन की लंबाई लगभग 324 से 345 किलोमीटर है।

–आईएएनएस

Leave a Reply