कोलकाता, 11 अगस्त (आईएएनएस): दुष्कर्म, आपराधिक धमकी समेत कई गंभीर आरोपों में दर्ज मामले में बंगाल के क्रिकेटर और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि एक मेडिकल छात्रा की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
हुगली जिले के पुलिस अधीक्षक कुणाल भूषण सिंह ने बताया कि अभिषेक पोरेल को दमदम थाना क्षेत्र के इमामी सिटी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, जून में एक मेडिकल छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए गए और बाद में उसके साथ मारपीट तथा आपराधिक धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर अभिषेक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66E और 72 के तहत मामला दर्ज किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोगरा थाना केस नंबर 346/26 में मुख्य आरोपी अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार किया गया है। उन पर शादी का वादा कर एक महिला के साथ सहवास करने का आरोप है।
कर्नाटक की रहने वाली उक्त मेडिकल छात्रा ने 23 जून को हुगली के मोगरा थाने में अभिषेक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि करीब साढ़े तीन साल से अभिषेक के साथ उसका संबंध था। दोनों ने शादी करने का फैसला भी किया था और साथ में विदेश यात्रा भी की थी। हालांकि, करीब डेढ़ साल पहले उनके रिश्ते में विवाद शुरू हो गया था। उस समय मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।
इसके बाद महिला ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, उस समय अभिषेक ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया था।
शिकायत दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर कुछ दिनों बाद महिला ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया। इसके बाद अदालत ने अभिषेक को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
14 जुलाई को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने पुलिस को अभिषेक और मामले के एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया था। अदालत ने शिकायतकर्ता से संबंधित निजी सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का भी निर्देश दिया था।
इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक पोरेल को हुगली के चुंचुड़ा स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। उनके वकीलों ने जमानत की मांग की, लेकिन अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अभिषेक पोरेल बंगाल क्रिकेट के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक ने 2021-22 सत्र में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। बाद में उन्हें भारत ‘ए’ टीम के लिए भी बुलाया गया। वर्ष 2023 में वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े और तब से आईपीएल फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं।
— आईएएनएस
