वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत के व्यापक आर्थिक आधारभूत तत्‍व मजबूत: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

नई दिल्ली, 30 मार्च: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्‍लेख करते हुए कहा है कि रुपये का मूल्य बाजार से प्रेरित है और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत के व्यापक आर्थिक आधारभूत तत्‍व मजबूत बने हुए हैं।

आज लोकसभा में रुपये के अवमूल्यन पर प्रश्नकाल के दौरान जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के आधारभूत संकेतक मजबूत हैं। श्रीमती सीतारमण ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण दुनियाभर की मुद्राओं में अस्थिरता देखी जा रही है।

वित्त मंत्री ने प्रमुख आर्थिक संकेतकों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि मुद्रास्फीति कम हो गई है, जीडीपी वृद्धि दर 7 प्रतिशत से ऊपर बनी हुई है और चालू खाता घाटा एक प्रतिशत से कम है। उन्‍होंने  कहा कि वैश्विक अस्थिरता दुनिया भर की मुद्राओं को प्रभावित कर रही है और विनिमय दर के दबाव का सामना करने वाला भारत अकेला देश नहीं है।

श्रीमती सीतारमण ने विपक्ष पर देश की आर्थिक प्रगति को कमजोर करने के लिए एक ही मुद्दे को निशाना बनाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं तथा आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply