नई दिल्ली, 27 मार्च: वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि पेट्रोल, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन(एटीएफ) की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होगी।
नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैठक बुलाई। इसमें यह निर्णय लिया गया कि वैश्विक स्थिति के कारण पेट्रोल, डीजल और एटीएफ की कीमतों में वृद्धि नहीं होनी चाहिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा एक अन्य निर्णय में जो रिफाइनरियां विदेशों से सामग्री लेकर भारत में परिष्कृत करती हैं और निर्यात के लिए भेजती हैं, उन्हें अब अधिक शुल्क देना होगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि ये सामग्रियां घरेलू बाजार के लिए उपलब्ध रहें और विदेशों में न भेजी जाएं। लॉकडाउन की अफवाहों को निराधार बताते हुए, श्रीमती सीतारामन ने लोगों को आश्वस्त किया कि कोविड महामारी के दौरान लागू किए गए लॉकडाउन जैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा।
