पश्चिम बंगाल: स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण विधानसभा चुनावों के लिए तैनात किया जाएगा भारी सुरक्षाबल

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल-सीएपीएफ, अन्य राज्यों के सशस्त्र बलों और भारतीय रिजर्व बटालियनों की लगभग एक हजार 9 सौ 20 कंपनियों को चरणबद्ध तरीके से तैनात किया जाएगा। इनमें से सीएपीएफ की 300 कंपनियां 31 मार्च तक पहुंचने वाली हैं। इससे पहले मतदाताओं का विश्वास बढ़ाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य में पहले से ही 480 कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी -सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में कल हुई संयुक्त बल तैनाती समिति की बैठक के बाद तैनाती के लिए अंतिम रूपरेखा तैयार कर ली गई है। सीईओ कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सबसे अधिक 60 कंपनियां कोलकाता में और 48 कंपनियां पूर्वी मेदिनीपुर में तैनात की जाएंगी। बिधाननगर पुलिस आयुक्त कार्यालय को सबसे कम 11 कंपनियां मिलेंगी। बैठक में विशेष पुलिस पर्यवेक्षक एन.के. मिश्रा और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी एडीजी आनंद कुमार उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त, सीईओ कार्यालय ने आवश्यक सेवाओं में लगे अनुपस्थित मतदाताओं के लिए फॉर्म के वितरण के संबंध में विभागीय नोडल अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की।

Leave a Reply