
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश के दौरान मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा संगठन के आतंकी के रूप में हुई है। यह आतंकी मंगलवार को राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के झांगर इलाके में उस समय मारा गया जब वह अपने एक साथी के साथ सीमा पार से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था। सेना ने बताया कि दस्तावेजों और खुफिया जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर के निवासी हमजा यूसुफ के रूप में हुई है। यूसुफ लश्कर-ए-तैयबा के लॉन्चपैड मॉड्यूल का एक वरिष्ठ ऑपरेटिव था, जिसे भारतीय सीमा में सशस्त्र आतंकवादियों की घुसपैठ कराने का काम सौंपा गया था।
मारे गए आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। इनमें दो मैगज़ीन वाली एक एके राइफल, चार मैगज़ीन वाली दो पिस्तौल, 58 राउंड, तीन हथगोले, एक मोबाइल सेट, दो सिम कार्ड और कुछ पाकिस्तानी मुद्रा शामिल थी। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान उसका साथी भागने में कामयाब रहा और पाकिस्तानी सीमा पार कर गया। यह इस महीने राजौरी सेक्टर में सेना द्वारा विफल की गई घुसपैठ की दूसरी घटना थी। सेना के जवानों ने 4 मार्च को तुर्कंडी क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों पर गोलीबारी की, जिससे वे पीछे हटने पर मजबूर हो गए। इससे पहले फरवरी में भी राजौरी के सुंदरबानी क्षेत्र में घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम करते हुए कुछ हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।
