ईको कार और बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक

विशालगढ़, प्रतिनिधि।
कमलासागर मुख्य सड़क के रास्तारमाथा इलाके में ईको कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सुजीत विश्वास के रूप में हुई है। वह गोकुलनगर टीएसआर चौमुहनी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मधुपुर की ओर से एक ईको कार (नंबर TR07G0552) अगरतला की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी ओर विशालगढ़ से बाइक (नंबर TR07C8596) लेकर सुजीत विश्वास अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्तारमाथा इलाके में पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण बाइक सीधे ईको कार से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुजीत विश्वास बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में सड़क से उठाकर बचाया। बाद में सूचना मिलने पर विशालगढ़ फायर सर्विस के कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत विशालगढ़ महकमा अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अगरतला स्थित जीबीपी अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, विशालगढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ईको कार को जब्त कर थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सुजीत विश्वास एक गरीब परिवार से हैं और बांस बेचकर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे के बाद उनके परिवार में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply