कृत्रिम सामग्री का निर्माण उस व्यक्ति की सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए: सूचना और प्रसारण मंत्री

नईदिल्ली, 26 फरवरी : सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि कृत्रिम सामग्री का निर्माण उस व्यक्ति की सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए जिसका चेहरा, आवाज या व्यक्तित्व सामग्री बनाने में इस्तेमाल किया गया हो। उन्होंने यह बात आज नई दिल्ली में एक सम्मेलन में कहीं। श्री वैष्णव ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म को अपने द्वारा परोसी जाने वाली सामग्री की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा प्लेटफार्म की जिम्मेदारी है।

श्री वैष्णव ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्लेटफॉर्म साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराध के खिलाफ सक्रिय कदम उठाएं। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ गहन बातचीत की है और उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि वे नागरिकों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। उन्‍होंने कहा कि प्लेटफॉर्मों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका उपयोग अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने या अपराध करने के लिए न किया जाए।

श्री वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म से राजस्व बंटवारे की नीतियों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म को सामग्री बनाने वाले लोगों के साथ भी उचित तरीके से राजस्व साझा करना चाहिए।

Leave a Reply