नई दिल्ली, 24 जनवरी: यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष और यूरोपीय संघ की विदेश मामलों और सुरक्षा नीति प्रमुख कया कलास भारत की आधिकारिक यात्रा पर आज सुबह दिल्ली पहुंची। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सुश्री कलास की यात्रा भारत और यूरोपीय संघ की कार्यनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से भारत और यूरोपीय संघ के बीच उच्चस्तरीय नियमित सम्पर्क स्थापित होगा।
सुश्री कया कलास की यह यात्रा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लियन और यूरोपीय परिषद की अध्यक्ष एंतोनियों कोस्ता की भारत यात्रा से पहले हो रही है। सुश्री उर्सुला फॉन डेर और एंतोनियो कोस्ता सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। वे इस महीने की 27 तारीख को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे।
