सरकार भारत और विदेश में युवाओं के लिए अवसर सृजित करने के प्रयास कर रही है: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

नई दिल्ली, 24 जनवरी: नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से आयोजित 18वें राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित करते हुए आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार भारत और विदेश में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने के प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत कई देशों के साथ व्यापार और आवागमन समझौते कर रहा है, जिससे देश के कुशल युवाओं के लिए अनेक अवसर सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से 18वें राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे। इस महत्‍वपूर्ण पहल के तहत आज के कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में भर्ती हुए 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

श्री मोदी ने भारत की सशक्‍त अर्थव्यवस्था पर बल देते हुए कहा कि यह दुनिया की एकमात्र अर्थव्यवस्था है, जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी को दोगुना कर लिया है। उन्होंने कहा कि आज 100 से ज़्यादा देश, प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश-एफडीआई के माध्‍यम से भारत में निवेश कर रहे हैं। यह आंकडा स्‍पष्‍ट करता है कि 2014 से पहले के दशक की तुलना में अब एफडीआई का प्रवाह ढाई गुना से अधिक बढ़ चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे देश के युवाओं के लिए रोजगार के अनगिनत अवसर सृजित हो रहे हैं।

श्री मोदी ने 24 जनवरी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह वही दिन है, जब संविधान ने जन गण मन को राष्ट्रगान और वंदे मातरम को राष्ट्रगीत के रूप में मान्यता दी थी। उन्‍होंने रोजगार मेले के बारे में कहा कि यह एक संस्थागत व्‍यवस्‍था बन चुका है और लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों से नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सौंपे गए नियुक्ति पत्र युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए आमंत्रण पत्र और विकसित भारत की ओर ले जाने के लिए संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि साल 2026 का प्रारंभ नई खुशियों की शुरुआत है, जो कल मनाए गए वसंत पंचमी के पर्व के साथ मेल खाता है।

18वां रोजगार मेला देश भर के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया है। सभी नव-नियुक्त युवा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार संभालेंगे।