मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों में पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया

नई दिल्ली, 17 जनवरी: मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों में पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर. के. जेनामणि ने बताया कि इस महीने के अंत में उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की अत्‍यधिक संभावना है। डॉ. जेनामणि ने कहा कि शीत लहर की स्थिति में सुधार हुआ है और न्यूनतम तापमान में भी मामूली वृद्धि दर्ज की गई है।

विभाग ने कल तक पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घने कोहरे की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत लहर का भी पूर्वानुमान है।