प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस कार्यक्रम में भाग ले रहे प्रदर्शकों से बातचीत की

नई दिल्ली, 16 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी राष्‍ट्रीय स्‍टार्टअप दिवस के अवसर पर नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। श्री मोदी ने प्रदर्शनी क्षेत्र का अवलोकन किया और प्रदर्शकों से बातचीत की।

इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व में पिछले एक दशक में स्‍टार्ट तंत्र में बहुत बड़ा बदलाव आया है। उन्‍होंने कहा कि 2016 में केवल 400 स्‍टार्टअप थे जिनकी संख्‍या अब दो लाख से अधिक हो गई हैं।

स्‍टार्टअप इंडिया की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक दशक पूर्व 16 जनवरी, 2016 में की थी। इसका शुभारंभ नवाचार, उद्यमशीलता को बढ़ावा देने और निवेश संचालित वृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए परिवर्तनकारी राष्‍ट्रीय कार्यक्रम के रूप में हुआ था। इसका उद्देश्‍य भारत को नौकरियां ढ़ूढ़ने वालों की बजाय नौकरियां सृजित करने वाले देश में रूप में स्‍थापित करना है। पिछले एक दशक में स्‍टार्टअप इंडिया भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था और नवाचार तंत्र के मूलभूत तत्‍व के रूप में उभरा है। इसने संस्‍थागत तंत्रों को सुदृढ़ किया है, पूंजी तक पहुंच बढ़ी हैं और मार्गदर्शन मिला है। साथ ही स्‍टार्टअप के लिए काम करने और विभिन्‍न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का माहौल तैयार हुआ है। भारतीय स्‍टार्टअप तंत्र ने इस अवधि में अप्रत्‍याशित विस्‍तार देखा है और देशभर में इस अवधि में दो लाख से अधिक स्‍टार्टअप को मान्‍यता दी गई है।