नई दिल्ली, 5 जनवरी: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने ई-गवर्नेंस पहल के माध्यम से विभिन्न विभागों में लगभग 75 डिजिटल सेवाओं को नागरिक केंद्रित सेवाओं के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया है। श्री सक्सेना ने दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अभिभाषण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापार में सुगमता पहल के अंतर्गत व्यावसायिक प्रक्रियाएं सरल बनाई हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों को डिजिटाइज़ करने के लिए ई-ऑफिस पहल शुरू की है। इससे शासन प्रणाली अधिक सुलभ और पारदर्शी बन सकेगी। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार ने अवसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित 10 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक लाख करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शराब की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे खुले रह सकते हैं।
