नई दिल्ली, 3 जनवरी: निर्वाचन आयोग ने सभी नागरिकों को, ईसीआई नैट ऐप डाउनलोड करने के लिए आमंत्रित किया है, ताकि वे इसे बेहतर बनाने के लिए इस ऐप पर ‘सुझाव जमा करें’ टैब का उपयोग करके अपने सुझाव दे सकें। नागरिक इस महीने की 10 तारीख तक अपने सुझाव जमा कर सकते हैं।
ईसीआई नैट ऐप नागरिकों के लिए एक एकीकृत ऐप है जो पहले के 40 अलग-अलग चुनाव संबंधी एप्लिकेशन जैसे मतदाता हेल्पलाइन ऐप, सीवीआईजीआईएल, सक्षम, मतदान रुझान और अपने उम्मीदवार को जानें ऐप को एक ही इंटरफ़ेस में एकीकृत करता है। पिछले साल मई में इस ऐप की घोषणा के बाद इसके विकास पर काम शुरू हुआ था।
नए ईसीआई नैट ऐप के परीक्षण संस्करण बेहतर मतदाता सेवाएं, मतदान प्रतिशत रुझानों की त्वरित उपलब्धता और मतदान समाप्त होने के 72 घंटों के भीतर इंडेक्स कार्ड के प्रकाशन को सक्षम बनाते हैं। आयोग ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और उपचुनावों के दौरान ऐप का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया था।
उसने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और फील्ड अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर इस प्लेटफॉर्म में लगातार सुधार और परिष्करण किया जा रहा है। आयोग ने आगे कहा कि उपयोगकर्ताओं के सुझावों की जांच की जाएगी और प्लेटफॉर्म को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए उसमें और सुधार किए जाएंगे। ईसीआई नैट ऐप प्लेटफॉर्म को इसी महीने आधिकारिक तौर पर आरंभ किया जाएगा।
