नई दिल्ली, दिसम्बर 30 :उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि शिक्षा विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक हित के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी यांत्रिक मेधा सहित नई प्रौद्योगिकी को जिम्मेदारी से अपनाने का आग्रह किया। उपराष्ट्रपति ने आज तिरुअनंतपुरम में मार इवानियोस स्वायत्त महाविद्यालय के प्लेटिनम जुबली समारोह का उद्घाटन किया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश के युवा राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्होंने रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने वैश्विक मंच पर देश को एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए सामाजिक सद्भाव के महत्व का भी उल्लेख किया।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित थे। केरल के दो दिन के दौरे के समापन के बाद, उपराष्ट्रपति आज दोपहर तमिलनाडु के लिए रवाना होंगे। उपराष्ट्रपति रामेश्वरम में काशी-तमिल संगमम के चौथे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
