बांग्लादेश: मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा देश में इसी सप्ताह की जाएगी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा

नई दिल्ली, 10 दिसंबर: बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह का कार्यक्रम आज शाम या कल तक घोषित होने की संभावना है। बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त -सीईसी ए.एम.एम. नासिर उद्दीन ने कल मुख्य न्यायाधीश सैयद रिफात अहमद के साथ हुई बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने चुनाव और जनमत संग्रह दोनों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि औपचारिक कार्यक्रम इस सप्ताह जारी कर दिया जाएगा।

चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार आगामी चुनाव सभी 300 संसदीय क्षेत्रों में होंगे। पहली बार, यह चुनाव हाल ही में पेश किए गए जुलाई राष्ट्रीय चार्टर 2025 पर राष्ट्रव्यापी जनमत संग्रह के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई प्रस्तावित राजनीतिक, शासन और संवैधानिक सुधारों की रूपरेखा दी गई है।

इस बीच, राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों की सूची, गठबंधन के विकल्पों और रणनीतिक समायोजन की समीक्षा करते हुए चर्चाएं तेज कर दी हैं। विभिन्न जिलों में छोटे दलों के बीच सीट बंटवारे की बातचीत भी गति पकड़ने लगी है। हालांकि, चुनाव विश्लेषकों का कहना है कि बांग्लादेश में आगामी चुनावों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि एक गैर-समावेशी प्रक्रिया देश के नाजुक लोकतंत्र पर और अधिक दबाव डाल सकती है।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों और मानवाधिकार समूहों का कहना है कि व्यापक भागीदारी और निष्पक्ष चुनाव का अवसर जनता के विश्वास के लिए आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से सभी के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a Reply